चंपावत। समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए मशहूर कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र के वैवाहिक गीत अब वालीवुड में धूम मचाएंगे। इसके लिए श्री कुंवर इंटरटेनमेंट के बैनर तले कुमाऊंनी वैवाहिक गीतों का संकलन और शूटिंग की जाएगी। चंपावत जिले के सिंग्दा बाराकोट निवासी और वर्तमान में लंबे समय से मायानगरी मुंबई में निवास कर रहे बीके सामंत ने कुमाऊं की सांस्कृतिक विरासत को वालीवुड तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। जिसके तहत जिले के विभिन्न स्थानों में 19 मार्च से शूटिंग शुरू हो जाएगी। कुमाऊंनी वैवाहिक गीतों के अलावा सांस्कृतिक गीत, भजनों को लेकर भी शूटिंग की जाएगी। लोकप्रिय टीवी धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा के निर्देशक रहे अंकित सैनी के नेतृत्व में तैयार की जाने वाली म्यूजिक एलबम में आकांक्षा शारदा मुख्य अभिनेत्री होंगी।
शूटिंग में प्रयुक्त किया जाएगा ड्रोन कैमरा
चंपावत। जिले में प्रस्तावित शूटिंग के लिए पहली बार ड्रोन कैमरे का प्रयोग किया जाएगा। श्री कुंवर इंटरटेंमेंट के बीके सामंत ने बताया कि 24 मार्च और 25 मार्च को प्रस्तावित शूटिंग में ड्रोन कैमरे का प्रयोग किया जाएगा। जिसके लिए बाकायदा पुलिस और प्रशासन से अनुमति ले ली गई है।