चंपावत। जिला मुख्यालय के तहसील परिसर में लगने वाले आधार शिविर को भिंगराड़ा स्थानांतरित कर दिया गया है। भिंगराड़ा में महज शिविर सिर्फ दो दिन के लिए ही लगाया गया, जिस कारण लोग परेशान हैं। वहीं तहसील परिसर में शिविर का संचालन नहीं होने से दूर दराज से आने वाले लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
तहसील परिसर में एक सप्ताह पूर्व तक आधार शिविर आयोजित किया जा रहा था। परिसर स्थित भूकंपरोधी भवन में चल रहे शिविर में प्रतिदिन नए आधार कार्ड के लिए बायोमैट्रिक परीक्षण लेने के साथ ही पूर्व में बनाए आधार कार्डों की अशुद्धियां भी दूर की जा रही थी। जिला प्रशासन की ओर से भिंगराड़ा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में आधार शिविर को भिंगराड़ा स्थानांतरित करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद भिंगराड़ा में दो दिनों तक तो आधार शिविर चला, लेकिन उसके बाद से चंपावत में आधार शिविर दोबारा शुरू नहीं हो पा रहा है, जिस कारण आधार कार्ड बनाने के लिए तहसील परिसर पहुंच रहे लोगों को मायूस लौटना पड़ रहा है।
एसडीएम सदर सीमा विश्वकर्मा के अनुसार ई डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक को आधार शिविर फिर से शुरू करने को कहा गया है। उधर ई डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक कुलदीप भंडारी का कहना है कि आधार बायोमैट्रिक परीक्षण से संबंधित सॉफ्टवेयर में समस्या आने के चलते संचालन नहीं हो रहा है। साफ्टवेयर की समस्या दूर होते ही आधार शिविर का संचालन फिर से किया जाएगा।