टनकपुर (चंपावत)। गांवों में हाथी और अन्य वन्यजीवों की लगातार दस्तक से फसलों और पशुओं को पहुंचाई जा रही क्षति से परेशान खेतखेड़ा के ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है। वहीं शारदा के अप स्ट्रीम में खनिज निकासी गेट पर ट्रकों के जाम से थ्वालखेड़ा मार्ग में आवाजाही में हो रही दिक्कत को भी दूर करने का आग्रह किया है।
सोमवार को तहसीलदार पूनम पंत को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि जंगल से लगे गांवों में घुस कर हाथियों का झुंड काश्तकारों की फसलों को तबाह कर रहा है। वहीं तेंदुए ग्रामीणों के पशुओं को निवाला बना रहे हैं। वन्यजीवों की लगातार दस्तक से गांवों में जानमाल का खतरा बना हुआ है। लोग दिन ढलते ही घरों के अंदर दुबकने को विवश हैं। मां पूर्णागिरि दर्शन को पैदल आ जा रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी वन्यजीवों की लगातार दस्तक से खतरे में है। उन्होंने वन्यजीवों का गांवों की ओर प्रवेश रोकने को शीघ्र कारगर कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों ने अप स्ट्रीम में नायकगोठ खनिज निकासी कांटे में शक्तिमान ट्रकों की लंबी कतारों से थ्वालखेड़ा मार्ग में पैदा हो रही जाम की स्थिति से भी छुटकारा दिलाने का आग्रह किया है। ज्ञापन देने वालों में गिरीश जोशी, सुमन जोशी, श्याम सिंह, पुष्कर दत्त जोशी, पूरन सिंह महर, सुरेश महर, जगदीश थ्वाल, पान सिंह महर, अनिल भट्ट, गिरीश शर्मा आदि थे।