टनकपुर (चंपावत)। नगर पालिका परिषद ने तीन मार्च से शुरू होने वाले मां पूर्णागिरि मेला की तैयारियां शुरू कर दी है। सोमवार को हुई बोर्ड की बैठक में मेले की व्यवस्थाओं को लेकर कई निर्णय लिए गए हैं। मेला शुरू होने से पहले पूरे शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। वाहन पार्किंग, बाल मुंडन और विद्युत का ठेका नीलाम किया जाएगा, जबकि शहर मेला क्षेत्र की दुकानों का किराया पालिका खुद वसूल करेगी।
पालिकाध्यक्ष लक्ष्मी पांडेय की अध्यक्षता और ईओ जयवीर सिंह राठी के संचालन में हुई बैठक में तय हुआ है कि मेले से पूर्व शहर के व्यस्ततम चौराहों पर गति अवरोधक बनाए जाएंगे। वहीं सफाई नायकों के नेतृत्व में प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलाकर कीटनाशकों का छिड़काव किया जाएगा। 14 वें वित्त आयोग मद से मिली धनराशि से एक सैप्टिक टैंक, एक ट्रैक्टर, मोबाइल शौचालय व कूड़ेदान खरीदने का निर्णय लिया गया है। बैठक में सभासद देेवेंद्र सिंह, हसीब अहमद, राजेंद्र रजवार, गिरीश खर्कवाल, सौरभ अग्रवाल, मुकेश साहू, शोभा देवी, राज्यसभा सदस्य प्रतिनिधि अनिल चौधरी, विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मीकि, वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चंद, विनोद बिष्ट आदि थे।