फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो योजनाओं का एकीकरण कर दिया, पर जारी नहीं हुए दिशा-निर्देश

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
चंपावत।
राखी, कविता, साक्षी सहित इंटर पास कर चुकीं 1505 छात्राएं गौरा देवी कन्या धन योजना के आवेदन पत्रों को जमा कराने के लिए एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय भटक रही हैं। उनके आवेदन न तो समाज कल्याण विभाग जमा हो पा रहे हैं और नहीं बालक विकास विभाग में। ऐसे में वह इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि योजना के तहत मिलने वाले 50 हजार रुपये की राशि पाने के लिए वह अपने आवेदन कहां करें। इस संबंध में उन्हें कोई उचित जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।

प्रदेश सरकार ने जुलाई 2017 में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित गौरा देवी कन्या धन योजना और बाल विकास विभाग द्वारा संचालित नंदा देवी कन्या योजना का एकीकरण कर नंदा गौरा योजना में तब्दील कर दिया। योजना के अंतर्गत जन्म से विवाह तक कन्या को सात चरणों में कुल मिलाकर 51 हजार रुपये दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन नई एकीकृत योजना में परेशानी इंटर कर चुकी छात्राओं को आ रही है। इस साल इंटर पास कर चुकी छात्राओं के लिए आवेदन पत्र जमा करने की कोई गाइडलाइन नहीं है। 2016 तक इंटर पास कर चुकी छात्राओं को गौरा देवी कन्या धन योजना के अंतर्गत 50 हजार रुपये दिए जाते थे।
विज्ञापन


इसके लिए उन्हें अपने आवेदन पत्र समाज कल्याण विभाग में जमा कराने होते थे, लेकिन इस बार न समाज कल्याण विभाग और नहीं बाल विकास विभाग ने इन आवेदनों को स्वीकारा है। इस कारण 2017 में इंटर पास कर चुकी छात्राओं में भ्रम की स्थिति है। जिला समाज कल्याण अधिकारी बीडी पंत का कहना है कि कन्या धन योजना को नंदा गौरा योजना में शामिल किए जाने से विभाग छात्राओं के आवेदन नहीं ले रहा है। वहीं जिला बाल कल्याण अधिकारी कामिनी गुप्ता का कहना है कि विभाग फिलहाल जन्म के समय और एक वर्ष की आयु पूरी होने वाली कन्याओं के ही आवेेदन पत्र जमा कर रहा है। निदेशालय ने शासन से नियमों की स्पष्टता का आग्रह किया है।

कोट........
नंदा गौरा योजना के संचालन को लेकर अभी निर्देशों का इंतजार है। इसके चलते गौरा देवी कन्या धन योजना के आवेदन पत्र जमा नहीं हो पा रहे हैं। 29 दिसंबर को जिले के दौरे पर आयी प्रभारी मंत्री रेखा आर्या के सामने भी इस मामले को उठाया गया था।
विज्ञापन

- एसएस बिष्ट, सीडीओ, चंपावत।

695 छात्राओं को नहीं मिली कन्या धन योजना की रकम
2016 में इंटर पास कर चुकीं 695 छात्राओं को गौरा देवी कन्या धन योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह धन की कमी का होना है। चंपावत जिले में 2016 में इंटर कर चुकी 1284 छात्राओं में से 589 को ही योजना के अंतर्गत मिलने वाले 50 हजार रुपये दिए जा सके हैं। शेष 695 छात्राओं को एक साल से अधिक वक्त बीतने के बावजूद इस रकम का इंतजार है। इसके लिए छात्राएं या उनके अभिभावक समाज कल्याण विभाग के कई बार चक्कर भी काट चुके हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी बीडी पंत का कहना है कि धन न मिलने से राशि नहीं दी जा सकी है। इन छात्राओं को योजना का लाभ देने के लिए 3.475 करोड़ रुपये की मांग की गई है।

नंदा गौरा योजना में कन्याओं को इस क्रम में मिलेगी रकम
चरण धनराशि (रुपये में)
जन्म के समय 5000
1 वर्ष होने पर 5000
8वीं पास होने पर 5000
10वीं पास होने पर 5000
12वीं पास होने पर 5000
डिप्लोमा/स्नातक करने पर 10000
विवाह के समय 16000
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें