लोहाघाट (चंपावत)। संगीत महाविद्यालय से विशेष योग्यता के साथ संगीत प्रभाकर की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अजय, अनमोल, ममता, संगीता और चंद्र प्रभा को समारोहपूर्वक सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में सभी ने विभिन्न राग रागनियों में अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
लोहाघाट में आयोजित कार्यक्रम में संगीत प्रभाकर की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर संगीताचार्य शिक्षक अनूप कौशल ने उन्हें उपाधि और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अजय कलखुड़िया और अनमोल कलौनी ने राग मुलतानी में ध्रपद, ममता पांडेय, संगीता चिल्कोटी, चंद्र प्रभा जोशी ने राग देशी में बड़ा ख्याल और छोटा ख्याल प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। संगीत शिक्षक कौशल ने बताया कि यह पांच छात्र-छात्राएं संगीत के क्षेत्र में सेवा देने के लिए पूर्ण रूप से प्रशिक्षित हो गए हैं। उन्होंने बताया कि बीते सालों में करीब 120 छात्र-छात्राएं संगीत प्रभाकर की डिग्री लेकर संगीत शिक्षा का प्रचार-प्रसार देश के विभिन्न प्रदेशों में कर रहे हैं। वहां पर जीवन कलौनी, भावना कलौनी, विजय राय, ममता कौशल, सोनिया, रूपाली जोशी, महिमा बिष्ट, मानती देवी, डॉ. मनीषा नरियाल आदि मौजूद थे। ब्यूरो