टनकपुर (चंपावत)। ज्ञानखेड़ा की रामलीला में शनिवार रात सूर्पणखा की नाक काटने से सीता हरण तक की लीला का मंचन हुआ। निर्देशक नरेंद्र सिंह के निर्देशन में चल रही रामलीला में वनवास पर गए राम-लक्ष्मण को रावण की बहन सूर्पणखा अपने साथ विवाह के लिए मनाने का प्रयास करती है।
समझाने के बाद नहीं मानने पर लक्ष्मण सूर्पणखा के नाक-काट देते हैं। कटी नाक लेकर रावण के पास पहुंची सूर्पणखा की दशा देख रावण बदले में सीता का हरण कर लंका ले आता है। राम का अभिनय प्रशांत उप्रेती, लक्ष्मण का तरुण उप्रेती ने किया। समिति अध्यक्ष अंबा दत्त पंत, तपन गड़कोटी, नाथू राम राय, हरिओम सेठी, पूर्व उप प्रधान हरीश चंद राजा, जिला पंचायत सदस्य उर्मिला चंद, दिनेश चंद्र भट्ट आदि आयोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उधर, गैंड़ाखाली में भी आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में रामलीला शुरू हो गई है। रामलीला के दूसरे दिन अहिल्या तारण से पुष्पवाटिका में राम-सीता मिलन तक की लीला का मंचन हुआ। राम का अभिनय मोहित और लक्ष्मण का अभिनय राकेश द्वारा किया जा रहा है, जबकि विश्वामित्र का अभिनय सुनील ने किया। कमेटी अध्यक्ष नारायण सिंह महर के नेतृत्व में कमेटी के पदाधिकारी व्यवस्था बनाने में जुटे हैं।