चंपावत। जिला अस्पताल में तैनात उपनल कर्मचारियों को बीते आठ माह से मानदेय का भुगतान नहीं हो सका है। जिस कारण उपनल कर्मियों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। उपनल कर्मियों ने शुक्रवार को जिला अस्पताल के दौरे पर आए विधायक कैलाश गहतोड़ी के समक्ष मानदेय दिलाए जाने की गुहार लगाई।
उपनल कर्मियों का कहना था उनकी तैनाती 14 माह पूर्व हुई थी, जिसके बाद से उन्हें तीन तीन माह करके केवल दो बार मानदेय का भुगतान किया गया है। आठ माह से मानदेय न मिलने के कारण कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने इस मामले में तत्काल सीएमओ एमएस बोहरा को तलब कर उपनल कर्मियों के मानदेय के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सीएमओ को शासन स्तर पर पत्राचार कर उपनल कर्मियों के लिए मानदेय के लिए बजट मुहैया कराने के निर्देश दिए। विधायक को ज्ञापन सौंपने वालों में कमला देवी, सुनीता देवी, कमल सिंह, निर्मल दत्त, कमला अधिकारी, नीता, विशाल पंवार, भैरव दत्त, पीतांबर, ममता, निर्मल दत्त, ममता जोशी, नीलावती, प्रकाश, पंकज, विनोद आदि कर्मचारी शामिल रहे।