टनकपुर (चंपावत)। रोडवेज बस स्टेशन बरसात में यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। निकासी की उचित व्यवस्था न होने से परिसर में पड़े गड्ढों में जलभराव से लोगों का वहां खड़ा रहना मुश्किल हो रहा है, लेकिन रोडवेज के अधिकारियों को यात्रियों की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है।
पहाड़ और मैदान के मुख्य पड़ाव टनकपुर का बस स्टेशन विभागीय उपेक्षा का शिकार रहा है। विभाग को अच्छी-खासी आय देने वाले इस स्टेशन की दशा आज भी बदहाल है। स्टेशन की चहारदीवारी हटाकर विभाग ने बसों के आवागमन से अक्सर लगने वाले जाम से निजात दिलाने की कोशिश तो की, लेकिन अब बसों के सड़क पर ही खड़े होने से हाल पहले जैसे ही बने हैं। इधर, स्टेशन परिसर का फर्श जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है। गड्ढे बनने से इन दिनों बरसात का पानी यात्रियों के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। रोडवेज के मंडलीय प्रबंधक लेखराज सिंह का कहना है कि स्टेशन के क्षतिग्रस्त परिसर में डामरीकरण के लिए एनएचएआई से सहयोग मांगा जा रहा है, यदि उनका सहयोग नहीं मिला तो विभागीय स्तर से जल्द ही स्टेशन परिसर के फर्श की मरम्मत कराई जाएगी।