चंपावत/टनकपुर/बनबसा। चंपावत जिले के टनकपुर में क्वारंटीन किए गए 142 लोगों को बृहस्पतिवार को उनके घर पिथौरागढ़ को भेज दिया गया है। टनकपुर के एसडीएम दयानंद सरस्वती ने बताया कि भेजे जाने से पूर्व सभी लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण भी किया गया। परीक्षण में सभी लोगों की सेहत ठीक पाई गई है।
अलबत्ता इन लोगों को पिथौरागढ़ में होम क्वारंटीन में रहने की नसीहत दी गई है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि अब चंपावत जिले के विभिन्न केंद्रों में 560 लोग संस्थागत क्वारंटीन में है। इसके अलावा 1541 लोग होम क्वारंटीन में रखे गए हैं।