ि
चंपावत। जिला मुख्यालय स्थित भारतीय स्टेट बैंक में पेंशन लेने आए एक पूर्व फौजी की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। पूर्व फौजी की मौत के बाद बैंक में अफरा तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमांत तामली के नाग पंचायत निवासी पूर्व फौजी दीवान सिंह (75) पुत्र पुष्कर सिंह बृहस्पतिवार को पेंशन लेने के लिए जिला मुख्यालय आया था। स्टेट बैंक प्रबंधक एनआर जौहरी ने बताया कि दीवान सिंह पर्ची काउंटर के पास पर्ची भर रहे थे कि अचानक दिल का दौरा पड़ा और वहीं गिर गए। इस बीच समीप के मेडिकल स्टोर से फार्मासिस्ट को सहायता को भी बुलाया गया लेकिन उनकी मौत पहले ही हो गई थी। दीवान सिंह के परिवार में दो बड़े बेटे हैं, जिनमें से एक केरल में नौकरी करता है और दूसरा गांव में ही रहता। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक पहले से ही दिल के मरीज थे तथा बैंक आने से पूर्व भी उन्होंने दवा ली थी। बाद में परिजन पीकप वाहन में शव को तामली को ले गए। इस घटना को लेकर बैंक के भीतर अफरा तफरी का माहौल रहा और काफी देर तक बैंक का कामकाज भी प्रभावित रहा।