लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) सेवा एक सप्ताह से ज्यादा समय से ठप होने से उपभोक्ताओं में गुस्सा है। लोगाें के इंटरनेट संबंधी कामकाज नहीं हो पा रहे हैं जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले युवक-युवतियों को 13 किमी दूर लोहाघाट आदि जगहों की दौड़ लगाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
गुस्साए लोगों ने जून का बिल नहीं देने की बात कही है। क्षेत्रीय व्यापारी और बीएसएनएल उपभोक्ता जगदीश चंद्र जोशी, नमन जोशी, सुरेश लाल वर्मा, अशोक कुमार, महेश जोशी, रजत वर्मा आदि का कहना है कि बीएसएनल की बदहाल सेवा से सारा कामकाज ठप पड़ गया है। व्यापारियों का कहना है कि सेवा बाधित रहने के बावजूद विभाग लंबे-चौड़े बिल थमा रहा है। उपभोक्ताओं ने शीघ्र व्यवस्था ठीक नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
बापरू के पास बारहमासी सड़क कटिंग के दौरान कई जगह बीएसएनएल की केबल कटी हुई है। मिनी लिंक के तहत बापरू से बाराकोट में नेटवर्क कनेक्टिविटी डालने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को पिथौरागढ़ से टीम यहां पहुंच रही है।
- संजीव कन्नौजिया, कनिष्ठ अभियंता, बीएसएनएल लोहाघाट।