टनकपुर (चंपावत)। शारदा रेंज से सटे गांवों में हाथियों का आतंक बढ़ गया है। शुक्रवार रात हाथियों के झुंड ने गैंड़ाखाली गांव में एक दुकान के झाले को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही एक किसान के आम के आधा दर्जन छोटे पेड़ों को तहस-नहस कर दिया। ग्रामीण देर रात तक हाथियों को भगाने के लिए शोर मचाते रहे।
शुक्रवार रात गैंड़ाखाली गांव में घुसे हाथियों ने गांव के आंतरिक मार्ग के किनारे स्थित श्रवण कुमार की दुकान के झाले को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके अलावा हाथियों ने देवी दत्त जोशी के आम के बगीचे में आधा दर्जन छोटे पेड़ों को तहस-नहस कर दिया। हाथियों की दस्तक का पता चलने पर ग्रामीणों ने शोर मचाया, लेकिन हाथी टच से मस नहीं हुए। काफी देर तक उत्पात मचाने के बाद हाथी जंगल की ओर लौटे। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं वन विभाग से वन्यजीवों से सुरक्षा को जल्द कारगर कदम उठाने और पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।