लोहाघाट (चंपावत)। नेपाल सीमा से लगे राजकीय प्राथमिक विद्यालय पासम में सर्व शिक्षा अभियान के तहत छात्राओं को तीन माह के जूडो-कराटे प्रशिक्षण में आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं।
प्रधानाध्यापक हरीश लाल वर्मा के निर्देशन और प्रशिक्षण समन्वयक नरेश चंद्र जोशी की देखरेख में चल रहे शिविर में कोच सूरज सिंह देव छात्राओं को कराटे की बारीकियां सिखा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को आत्मरक्षा का ज्ञान होना जरूरी है, जिससे वे संकट की घड़ी में इसका उपयोग कर अपनी रक्षा कर सकती हैं। प्रशिक्षण में छात्राओं को किक स्ट्राइक, ब्लाक, नैचुरल या वॉकिंग स्टांस, कैट स्टांस, फाइटिंग, स्ट्रेट पंच, अपर कट, नाइफ हैंड, बैक फिस्ट, पंच आदि का अभ्यास कराया जा रहा है।
तीन माह तक चलने वाले प्रशिक्षण शिविर का समापन 31 अप्रैल को होगा। प्रशिक्षण में 36 छात्राएं हिस्सा ले रही हैं।