लोहाघाट (चंपावत)। देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में चंपावत के कलाकारों ने लोक कला का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कलाकारों ने लोक गीत, लोकनृत्य, तबला वादन, शास्त्रीय गायन, बांसुरी वादन, हारमोनियम वादन, शास्त्रीय नृत्य, वाद विवाद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।
टीम लीडर एवं प्रमुख रंगकर्मी भैरव राय के दिशा निर्देशन में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उन्होंने बताया कि कलाकारों ने लोक गीत में प्रथम, लोकनृत्य में द्वितीय, तबला वादन में अक्षत कलखुड़िया ने दूसरा, शास्त्रीय गायन में आदित्य गिरी ने प्रथम, बांसुरी वादन में हर्षित पंत ने तृतीय, हारमोनियन वादन में अजय कलखुड़िया ने पहला, वाद विवाद प्रतियोगिता में भूपेंद्र देव ताऊ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में शामिल होने गई टीम में पूजा बोनाल, गौरव, विकास, पंकज, कैलाश, सतीश, कमल, कौशल, संदीप, सचिन, भावना, अदिति, अंजलि, आशा, रश्मि, वीरेंद्र, ममता शामिल थे। कलाकारों की उपलब्धि पर विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, जिपं अध्यक्ष खुशाल सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रतीक जोशी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी जसवंत खड़ायत, पूर्व युवा कल्याण अधिकारी प्रहलाद मेहता ने खुशी का इजहार किया है।