बनबसा (चंपावत)। स्कूली बच्चों को शतरंज में महारथ दिलाने को लेकर मैक्स्टन स्ट्रांग स्कूल में एक दिनी प्रतियोगिता हुई, इसमें बनबसा के अलावा टनकपुर, खटीमा के स्कूली बच्चों ने प्रतिभाग किया। विजेता बच्चों को स्कूल की ओर से पुरस्कृत किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए।
बनबसा के बमनपुरी स्थित मैक्स्टन स्ट्रांग स्कूल ने स्कूली बच्चों को प्रत्येक क्षेत्र में प्रतिभावान बनाने का बीड़ा उठाया है। इसी के तहत शनिवार को शतरंज प्रतियोगिता हुई, इसमें बनबसा के मैक्स्टन स्ट्रांग स्कूल, सैनिक छावनी स्थित केवि क्रमांक एक, एनएचपीसी स्थित केवि क्रमांक दो, शारदा इंटर कॉलेज, पूर्णागिरि इंटर कॉलेज, टनकपुर से नंदा कान्वेंट पब्लिक स्कूल, सेंट फ्रांसिस स्कूल, खटीमा से नोजगे पब्लिक स्कूल, डायनेस्टी, मार्डन, गुरुकुल स्कूल एकेडमी आदि के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में मैक्स्टन स्ट्रांग स्कूल के मानव ज्याला ने प्रथम, प्रकाश पांडे ने द्वितीय और खटीमा के नोजगे स्कूल के नवदीप सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अमेरिका से आए शतरंज कोच बेन इलेस्टर, रोशल मार्क, जान मार्शल ने स्कोरर और निर्णायक की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता को सफल बनाने में आयोजक स्कूल के निदेशक क्लिफ्टन शिप्वे, प्रधानाचार्य डेविड चिरागदीन, प्रबंधक गिरीश जोशी, खेल प्रशिक्षक अविनाश कुमार ने सहयोग दिया। इस दौरान नोजगे स्कूल के पीटीआई रंजीत, जगत मेहरा, पुष्पा भट्ट, विजय रावत, केशव ठाकुर आदि थे।