बनबसा (चंपावत)। कस्टम में ऑनलाइन होने वाली नई व्यापार व्यवस्था का जायजा लेने यहां पहुंचे कस्टम कमिश्नर एसके शर्मा ने बनबसा कस्टम के कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मातहतों से भारत नेपाल व्यापार के बारे में गहन पूछताछ कर व्यापार बढ़ाने के अलावा अन्य निर्देश भी दिए। कहा कि नेपाल में कस्टम विभाग की जांच चौकी का गठन किया जाएगा।
लखनऊ से आए कस्टम कमिश्नर शिव कुमार शर्मा ने बनबसा कस्टम कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भारत नेपाल के बीच होने वाले वैधानिक व्यापार के बारे में जानकारी ली। उन्होंने नेपाल कस्टम के अधिकारियों के साथ भी मुलाकात कर दोनों देशों के बीच होने वाले व्यापार के बारे में गहन मंत्रणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि नेपाल के चांदनी दोधारा में नेपाल द्वारा पुल और ड्राईपोर्ट निर्माण के बाद भारत सरकार के निर्देश पर ही वहां कस्टम विभाग की जांच चौकी का गठन किया जाएगा।
उन्होंने भारतीय व्यापारियों से आईजीएसटी (इंटरग्रेटेड गुड्स एंड सर्विस टैक्स) और ऑनलाइन होने व्यापार के संबंध में पूछताछ की। व्यापारियों ने इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण होने से ऑनलाइन व्यापार में होने वाली देरी का जिक्र किया। कस्टम कमिश्नर ने बताया कि भारत नेपाल के बीच इस सीमा पर कस्टम का कार्य दोनो देशों के बीच व्यापार संचालित करना है।
जीएसटी लागू किए जाने से दोनों देशों के बीच आयात निर्यात बिना बिल के संभव नहीं हो पाएगा, जिससे कस्टम चोरी करना असंभव हो गया है। उन्होंने बताया कि कस्टम विभाग ने 31 मई से 16 जून तक रिफंड पखवाड़ा मनाया जिसके तहत लखनऊ कमिश्नरी में आने वाले व्यापारियों को 64 करोड़ रुपये का आईजीएसटी का रिफंड किया गया है।
- ये लोग रहे मौजूद
इस मौके पर बरेली से आए डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार सैंगर, बनबसा कस्टम अधीक्षक राज कुमार, अजय कुमार सिन्हा, खटीमा से आए अधीक्षक केके गुप्ता, निरीक्षक आशीष थपलियाल, राकेश तिवारी, रामचंद्र आदि मौजूद थे।