चंपावत। जिला मुख्यालय में सभी एटीएम खाली होने से लोग खासे परेशान रहे। उन्हें नकदी के लिए दर-दर भटकना पड़ा। भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य एटीएम से भी लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
शनिवार को ईद और रविवार के अवकाश के चलते एटीएम में नकदी नहीं डाली जा सकी। भारतीय स्टेट बैंक की चंपावत शाखा के उप प्रबंधक निर्मल भट्ट ने बताया कि शुक्रवार को एसएसबी, कोतवाली, कलक्ट्रेट और मुख्य एटीएम में नकदी डाली गई थी। इसके अलावा आउटसोर्सिंग कंपनी को शांत बाजार, गोरलचौड़ और जीआईसी रोड के एटीएम में नकदी डालने के लिए दस लाख रुपये दिए गए थे। लेकिन रविवार को इन सभी एटीएम में नकदी खत्म हो गई। यहां के अन्य बैंक आईडीबीआई, पीएनबी, यूको, केनरा, बैंक आफ बड़ौदा, यूनियन और सिंडीकेट के एटीएम से नकदी नहीं निकल सकी। जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।