चंपावत/लोहाघाट। शुक्रवार से जिले की सभी तीनों नगर निकायें प्रशासकों के हवाले हो गई है। जबकि बनबसा नगर पंचायत में निर्वाचित बोर्ड नहीं होने से वहां का चार्ज पहले से प्रशासक के पास है। लोहाघाट नगर पंचायत को छोड़ शेष सभी नगर निकायों में एसडीएम ने प्रशासक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। बृहस्पतिवार को नगर निकायों के बोर्ड का कार्यकाल पूरा होने के बाद शुक्रवार को निवर्तमान प्रतिनिधि निकायों में नहीं आए।
चंपावत नगर पालिका में सदर की एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने प्रशासक के रूप में चार्ज लिया। अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार ने उन्हें नगर पालिका की गतिविधियों की जानकारी देने के साथ साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी। लोहाघाट नगर पंचायत में एसडीएम आरसी गौतम के अवकाश में होने से वे शुक्रवार को चार्ज नहीं ले सके। बताया गया कि वे सोमवार को चार्ज लेंगे। अधिशासी अधिकारी कमल कुमार के नेतृत्व में यहां के तमाम कर्मचारी रोज की तरह शुक्रवार को भी काम में लगे रहे। वहीं टनकपुर के एसडीएम अनिल चन्याल ने टनकपुर नगर पालिका के प्रशासक का जिम्मा संभाला।