चंपावत। जल निगम की ओर से क्वैराला पेयजल योजना के निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत मुडियानी के किसकोट तोक में पंपिंग हाउस का निर्माण किया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत है कि पंपिंग हाउस के निर्माण में अनियमितताएं बरती जा रही हैं। स्थानीय ठेकेदारों की ओर से पंपिंग हाउस की दीवाराें के निर्माण में सीमेंट नहीं डाला जा रहा है। केवल दीवार के बाहर ही सीमेंट की लीपापोती की जा रही है। इस संबंध में ग्रामीणों की ओर से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जांच की मांग उठाई गई है।
किसकोट के ग्रामीण केशव दत्त की अगुवाई में भेजे गए पत्र में कहा गया है कि पंपिंग हाउस के निर्माण के नाम पर बीते छह माह से यहां अवैध खनन किया जा रहा है। विभागीय कर्मचारियों की ओर से देखरेख न किए जाने के कारण स्थानीय ठेकेदार सरिया, सीमेंट की कालाबाजारी कर रहे हैं। इस कारण पेयजल योजना के भविष्य में सफल रहने को लेकर संदेह पैदा हो रहा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी मुख्यालय की जनता को पेयजल के लिए ठगी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने निर्माणाधीन पंपिंग हाउस की गुणवत्ता की जांच की मांग उठाई है।