टनकपुर (चंपावत)। कुमाऊं विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयी तीन दिनी बैडमिंटन प्रतियोगिता बृहस्पतिवार को संपन्न हो गई। पुरुष युगल चैंपियनशिप का खिताब काशीपुर महाविद्यालय ने जीता तो महिला युगल में अल्मोड़ा महाविद्यालय की टीम ने कब्जा जमाया। वहीं पुरुष एकल में काशीपुर के जीवन बोरा और महिला एकल में पिथौरागढ़ की नेहा राठौर ने चैंपियनशिप जीती।
स्टेडियम के इन डोर बैडमिंटन मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में कुमाऊं के 14 महाविद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी डा. नागेश शर्मा, उप जिला क्रीड़ा अधिकारी जगजीवन सिंह मेहता की देखरेख में हुई प्रतियोगिता में युगल और एकल मुकाबले हुए। पुरुष युगल के फाइनल मुकाबले में काशीपुर महाविद्यालय की टीम ने रुद्रपुर महाविद्यालय को हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
वहीं, महिला युगल के फाइनल में अल्मोड़ा महाविद्यालय की टीम ने पिथौरागढ़ महाविद्यालय की टीम को हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की। पुरुष एकल फाइनल में काशीपुर महाविद्यालय के जीवन बोरा ने काशीपुर महाविद्यालय के ही हिमांशु को हराया। महिला एकल में पिथौरागढ़ महाविद्यालय की नेहा राठौर ने नैनीताल महाविद्यालय की प्रियंका पाल को शिकस्त दी। मेजबान महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ.जीप्रकाश ने विजेता, उप विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे। प्रतियोगिता के आयोजन में मेजबान महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. पंकज उप्रेती, डॉ. मनोज उप्रेती, क्रीड़ाधिकारी डीबी सिंह, सुल्तान सिंह यादव, डॉ. श्वेता सिंह, पिथौरागढ़ महाविद्यालय के डॉ. धर्मेंद्र उपाध्याय, काशीपुर महाविद्यालय के शिवेंद्र बिष्ट, रुद्रपुर महाविद्यालय के लोकेश पांडे के अलावा स्टेडियम कोच लक्ष्मण सिंह पाटनी आदि ने सहयोग दिया।
फोटो 05 टीएनपी 07 व 08 पी।