लोहाघाट (चंपावत)। रीठा साहिब के मां नंदा देवी खेल मैदान गाज में चल रही लधिया घाटी प्रीमियम लीग सीजन 6 में दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इस दौरान कुल्याल गांव और रीठासाहिब की टीम ने मैच जीत कर फाइनल में प्रवेश किया है।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। पहला मैच कुल्याल गांव इलेवन और देवीधुरा एकादश के बीच खेला गया। देवीधुरा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 13 ओवरों में 96 रनों का स्कोर खड़ा किया। आनंद ने सर्वाधिक 25, सोबन ने 22 और चंदन ने 20 रन बनाए।
जवाबी बल्लेबाजी में कुल्याल गांव ने 12 ओवरों में तीन विकेट गवांकर मैच जीत लिया। मदन ने सर्वाधिक 46 रन बनाए। मदन को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। दूसरा सेमीफाइनल गुरौली और रीठासाहिब के बीच हुआ। रीठा साहिब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15.3 ओवर में 108 रन बनाए। गोलू ने सर्वाधिक 45, पवन ने 30 और अजय ने 15 रन बनाए।
जवाबी बल्लेबाजी में गुरौली की टीम 12 ओवर में 70 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। विजेता टीम के गोलू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के निर्णायक लक्ष्मण सिंह और कुंदन बोरा थे। स्कोरिंग परवीन, अजय ने की। वहां मुकेश मेहता और कुलदीप कुल्याल आदि थे।