चंपावत। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के संचालन के लिए मंगलवार को जिला सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने कहा इस अभियान में कोई बच्चा न छूटे यह सुनिश्चित करें। उन्होंने सीएमओ को नेपाल सीमा से लगे हुए क्षेत्रों में सघन पल्स पोलियो अभियान चलाने के निर्देश दिए।
डीएम ने निर्माण व खनन कार्यों में लगे मजदूरों के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने, बस, टैक्सी, रेलवे स्टेशनों पर बूथ स्थापित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, ग्राम प्रहरियों सहित ग्राम प्रधानों का भी इस अभियान में उपयोग करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के लिए 270 बूथ, 40 ट्रांजिट बूथ तथा 4 मोबाइल बूथ सूचीबद्ध करने के साथ 85 सुपरवाइजर, 395 चिकित्सा विभाग के कार्मिकों के साथ आशा, आंगनबाड़ी को नामित कर लिया गया है। इस राष्ट्रीय अभियान में घर घर संपर्क के लिए 88 सुपरवाइजर, 395 अन्य कार्मिकों को नामित किया गया है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ.आरके जोशी, टनकपुर डॉ.एचएस ह्यांकी, लोहाघाट डॉ.मंजीत सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित, डॉ. मनु खन्ना सहित एलोपैथिक, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, बाल विकास, समाज कल्याण, एसएसबी आदि विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।