चंपावत। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने डिस्ट्रिक इलेक्शन मैनेजमेंट प्लान के तहत की जा रही तैयारियों के साथ बूथों में शौचालय, विद्युत व्यवस्था आदि की स्थिति से राज्य निर्वाचन आयोग को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन से पूर्व उसके सभी पार्ट बारीकी से चैक करने के बाद तीन दिन में राज्य निर्वाचन आयोग को प्रेषित करें।
उन्होंने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों तक वीवीपैट, ईवीएम के प्रशिक्षण में प्रयोग की जा रही मशीनों के नंबर अनिवार्य रूप से राजनीतिक पार्टियों को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्वाचन कार्यालय में डिस्ट्रिक कांटेक्ट सेंटर की स्थापना कर उसमें 1950 टोल फ्री नंबर संयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए सुरक्षा व्यवस्था, सड़क की स्थिति, विद्युत व्यवस्था, पेयजल आदि को अभी से चिह्नित करें। जिला निर्वाचन अधिकारी रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि जिले में अधिकारियों, कर्मचारियों की सूची प्राप्त करने के बाद उसको अपडेट किया जा रहा है। इस मौके में उप जिला निर्वाचन अधिकारी टीएस मर्तोलिया, उप जिलाधिकारी सीमा विश्वकर्मा, शिप्रा जोशी, तहसीलदार नीलू चावला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एनएस बोहरा, आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय आदि उपस्थित रहे।