टनकपुर (चंपावत)। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा मांगें स्वीकार करने के बाद महाविद्यालय के छात्रों ने आंदोलन खत्म कर दिया है।
मंगलवार को प्रभारी प्राचार्य डॉ. एसके कटियार ने भूख हड़ताल पर बैठे पूर्व छात्र नेता मो. हारून को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। स्नातक में 40 एवं स्नातकोत्तर में 10 प्रतिशत सीटें बढ़ाने और सीटें रिक्त वाले कॉलेजों में ऑफ लाइन प्रवेश होंगे। प्रवेश के लिए अंकों की बाध्यता समाप्त करने समेत तीन सूत्री मांगों को लेकर छात्र 21 जुलाई से आंदोलित थे।
मंगलवार को आंदोलन स्थल में आकर प्रभारी प्राचार्य डॉ. कटियार द्वारा विवि प्रशासन के फैसले से अवगत कराया। इस दौरान छात्र संघ अध्यक्ष नरेश फिरमाल, छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष दीपक पचौली, रोहित जोशी, गौरव वर्मा, सचिन यादव, योगेश कुंवर, सूरज कुमार, अमन ठाकुर, जीवन भंडारी, आकाश सक्सेना, रिहान शाहिद, रोहित गुप्ता, गजेंद्र बोहरा, रूपये सक्सेना, रजत त्रिपाठी, नीरज अधिकारी आदि थे।