लोहाघाट (चंपावत)। श्रीमती हीरा भट्ट सरस्वती बालिका विद्या मंदिर का वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और पुरस्कार वितरण के साथ संपन्न हुआ। इस मौके पर छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए।
मंगलवार को शिशु मंदिर खेल मैदान में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा और विशिष्ट अतिथि सी हॉक ग्रुप के चेयरमैन नरेंद्र लडवाल ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। मंत्री ने हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में 13वां स्थान पाने वाली निधि महरा और 90 फीसदी अंक लाने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया।
इसके अलावा चेयरमैन लडवाल ने विद्या मंदिर की छात्राओं और शिशु मंदिर के सभी छात्रों को स्वैटर और 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेश करायत और संचालन प्रधानाचार्या मुन्नी खड़ायत और तनुजा जोशी ने किया। व्यवस्थापक सतीश गड़कोटी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।