चंपावत। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही पीने के पानी की समस्या भी शुरू हो गई है। बीते तीन दिनों से हो रही बरसात के बावजूद धौन के नायल तोक में पिछले 15 दिनों से पेयजल का संकट बना हुआ है। पूर्व में बनी पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सहारा देने वाले एकमात्र कुंए ने भी जवाब दे दिया है।
इसके चलते अब यहां के लोग दो किमी दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। पेयजल लाइन नायला से मोटाबांज तक पानी की आपूर्ति करती थी। ग्रामीणों ने कहा है कि एक सप्ताह के अंदर अगर पेयजल लाइन को सुचारु नहीं किया गया तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। पांच सौ से अधिक आबादी वाले इन गांवों में लोगों का रोजमर्रा का काम प्रभावित हो रहा है। ग्राम प्रधान जगदीश भट्ट, भुवन भट्ट, नित्यानंद, रमेश भट्ट, नारायण दत्त आदि ने जल संस्थान से पेयजल लाइन को ठीक करने की मांग की है।