चंपावत। प्रधानमंत्री कौशल विकास के अंतर्गत चंपावत का कौशल केंद्र शुरू हो गया है। इसमें कंप्यूटर और इंग्लिश स्पीकिंग कोर्स की कक्षाएं शुरू हो गई है। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) और भारतीय तेल निगम (आईओसी) के सहयोग से कॉरपोरेट सामाजिक सहभागिता योजना के अंतर्गत फिलहाल दो कक्षाएं चलाई जा रही है। एनएसडीसी द्वारा मान्य उत्तराखंड शैक्षिक व तकनीकी संस्थान (यूआईईटी) चंपावत में प्रशिक्षण केंद्र का संचालन कर रहा है।
केंद्र के संचालक अमित जोशी और प्रधानाचार्य सेवानिवृत्त जिला पूर्ति अधिकारी जीवानंद जोशी ने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों में 18 से 35 वर्ष आयु समूह में कुल 100 युवा हिस्सा ले रहे हैं, जिन्हें निशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
दूसरे चरण में शुरू होंगे तीन पाठ्यक्रम
चंपावत में दूसरे चरण में कौशल विकास के अंतर्गत कई नए पाठ्यक्रम जल्द शुरू होंगे। पहाड़ की शारीरिक फिटनेस को देखते हुए फौज में शामिल होने का बुनियादी प्रशिक्षण, फुटकर सेक्टर में विपणन और महिलाओं, लड़कियों के लिए ब्यूटीशियन, हेयर स्टायल के काम का प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्र के प्रधानाचार्य जीवानंद जोशी ने बताया कि प्रशिक्षित युवकों को प्रमाणपत्र के बाद स्वरोजगार के लिए बैंक से कर्ज की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।