टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मार्ग से लगे थ्वालखेड़ा गांव में सोमवार रात हाथियों का झुंड घुस आया। इस बार हाथियों ने न सिर्फ ग्रामीणों की फसल नष्ट की है, बल्कि सिंचाई गूल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। हाथियों के आतंक से त्रस्त ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को दूर जंगल में खदेड़ने की मांग उठाई है।
जंगल से सटे गांवों में वन्य जीवों की दस्तक आम बात हो गई है। हाथी ग्रामीणों की फसल को तबाह कर रहे हैं तो तेंदुए एवं अन्य मांसाहारी वन्यजीव मानव और उनके पशुओं को निवाला बना रहे हैं। थ्वालखेड़ा में पिछले दस दिनों से हाथियों का झुंड लगातार दस्तक देकर ग्रामीणों की फसल तबाह कर रहा है।
सोमवार रात फिर आए हाथियों के झुंड ने गिरीश राय, हीरा सिंह महर, हरीश चंद, भुवन सिंह महर, बहादुर सिंह की करीब आठ बीघा भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल रौंदकर नष्ट की है। इसके अलावा गांव की सिंचाई गूल को भी क्षतिग्रस्त किया है। ग्राम प्रधान सुंदर सिंह बोहरा, पूर्व प्रधान विपिन जोशी, नायकगोठ प्रधान रेनू देवी आदि ने प्रभावित ग्रामीणों को फसल का उचित मुआवजा देने के साथ ही हाथियों के आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग उठाई है।