टनकपुर (चंपावत)। टनकपुर से बड़ी लाइन पर ट्रेन सेवा के उद्घाटन का काउंट डाउन शुरू हो गया है। रेलवे ने उद्घाटन की प्रस्तावित तिथि 21 फरवरी को ध्यान में रखते हुए तैयारियां तेज कर दी है। मंच के लिए प्रस्तावित स्थल के गड्ढों को मिट्टी डालकर पाटा जाने लगा है। रेलवे बोर्ड ने प्रस्तावित तिथि पर मुहर लगाई तो दो साल से बंद ट्रेन सेवा 21 फरवरी से शुरू हो जाएगी।
टनकपुर-पीलीभीत के बीच बड़ी लाइन निर्माण कार्य के चलते जून 2016 से ट्रेन सेवा बंद है। इस कारण टनकपुर से पीलीभीत, बरेली एवं अन्य शहरों को जाने वाले यात्री रोडवेज की बसों या फिर टैक्सी वाहनों के सहारे यात्रा करने को मजबूर हैं। पूर्णागिरि मेले की रौनक पर भी ट्रेन सेवा बंद होने का खासा असर पड़ा है।
यात्रियों के कम आने से मेले का कारोबार खासा प्रभावित रहा है, लेकिन ट्रेन सेवा जल्द शुरू करने की चल रही कवायद से इस बार पूर्णागिरि मेले में भी रिकार्ड यात्रियों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। पूर्णागिरि मेला आगामी तीन मार्च से शुरू होगा। इससे पहले 21 फरवरी से ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारी चल रही है।
रेलवे की निर्माण इकाई के अधिशासी अभियंता मसूद अहमद के सोमवार को दौरे के बाद उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियां और तेज हो गई है। स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी के मुताबिक फिलहाल संभावित 21 फरवरी की तिथि के मद्देनजर उद्घाटन की तैयारियां की जा रही हैं, लेकिन अब तक अधिकारिक तौर पर उद्घाटन की तिथि घोषित नहीं हुई है।