चंपावत। जिले के सीमांत मंच कस्बे में शट डाउन लेकर बिजली के पोल पर चढ़े लाइनमैन को करंट लग गया। इससे झुलसे और घायल हुए लाइनमैन को परिजनों ने 31 किमी दूर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
सीमांत मंच क्षेत्र में बिजली लाइन का रखरखाव करने वाले ठेकेदार ने स्थानीय युवक सूरज सिंह पुत्र माधो सिंह को बतौर लाइनमैन तैनात किया है। मंगलवार सुबह नौ बजे तामली में बिजली लाइन में फाल्ट आने की सूचना पर सूरज ने फोन पर शट डाउन लिया और फाल्ट ठीक करने पोल पर चढ़ गया।
बिना दस्ताने और अन्य सुरक्षा उपकरण के पोल पर चढ़े सूरज को अचानक ही बिजली का झटका लगा और वह पोल से नीचे गिर गया। इससे उसके बांए पैर और हाथ पर चोट आ गई। इसके बाद सूरज की बहन बेनी देवी, परू देवी, भाई जसवीर सिंह, ग्राम प्रधान अर्जुन सिंह आदि उसे निजी वाहन में जिला अस्पताल में लाए। जिला अस्पताल में लाइनमैन का इलाज कर रहे डॉ.एचएस ऐरी ने बताया कि लाइनमैन करीब दस फीसदी तक झुलसा है।