चंपावत। डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने पांच फरवरी को होने वाली राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण परीक्षा की तैयारी पूरी पारदर्शिता के साथ करने तथा प्रश्नपत्र एवं ओएमआर सीट को डबल लॉक में सुरक्षित रखने को कहा है। बृहस्पतिवार को जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण परीक्षा समयबद्ध और राष्ट्रीय कार्यक्रम है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी।
मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित ने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण परीक्षा में जिले के 3299 छात्र परीक्षा में बैठेंगे। जिसके लिए 180 क्षेत्र अनुवेक्षक नियुक्त किये जा रहे हैं, जिसमें से 20 अनुवेक्षक प्रतीक्षा में रहेंगे। केंद्र सरकार की ओर से यह परीक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के शैक्षिक स्तर के मूल्यांकन के लिए आयोजित की जा रही है। अभी यह परीक्षा जिले के 80 माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित की जा रही है। बैठक में एसडीएम अनिल चन्याल और निर्मला बिष्ट, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डीएस राजपूत, खंड शिक्षा अधिकारी अंशुल बिष्ट, हरेंद्र शाह सहित सभी बीआरसी, सीआरसी समन्वयक मौजूद रहे।