चंपावत। जिला मुख्यालय में राज्य परिवहन निगम (रोडवेज) के बस स्टेशन परिसर में समतलीकरण का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। प्रशासन की ओर से बस स्टेशन के निकासी गेट में ह्यूम पाइप डालकर जहां नाली का निर्माण पूरा कर लिया है। वहीं बृहस्पतिवार से स्टेशन के प्रवेश द्वार में नाली निर्माण का कार्य भी शुरू हो गया है।
एडीएम हेमंत कुमार वर्मा ने बताया कि नाली खुदान के बाद प्रवेश द्वार में भी पानी की निकासी के लिए ह्यूम पाइप डाले जाएंगे। उन्होंने बताया कि बस स्टेशन परिसर के अंदर चहारदीवारी का निर्माण प्रगति पर है। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय का निर्माण भी जारी है। जिसमें आठ शौचालयों के साथ ही दो स्नानागारों का निर्माण किया जा रहा है। अब तक स्टेशन परिसर से बाहर लगी हाइमास्क लाइट को हटाकर रोडवेज स्टेशन परिसर में लगा दिया गया है।