चंपावत। दियूरी राजस्व गांव के चल्थी में खनन सामग्री (बोल्डर एवं रेता) निर्धारित क्षमता से अधिक पाए जाने पर पांच खनन कारोबारियों के स्टॉक सीज कर दिए गए हैं। उप जिला मजिस्ट्रेट सीमा विश्वकर्मा के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे दल ने मंगलवार शाम ये कार्रवाई की। एसडीएम अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगी।
एसडीएम ने बताया कि पांच खनन कारोबारियों नरेश ढेक, लीला शर्मा, जगदीश शर्मा, ओमप्रकाश पांडेय, जोगा सिंह ने निर्धारित क्षमता से अधिक संग्रहण किया था। इन सभी के स्टॉक सीज किए गए हैं। अभियान दल में तहसीलदार गोविंद प्रसाद, राजस्व निरीक्षक हरीश जोशी, उप निरीक्षक शंकर वर्मा, छत्र सिंह बोहरा, राजीव मेहरा, हरीश गहतोड़ी, सुंदर सिंह नेगी शामिल थे।
बता दें कि इन खनन कारोबारियों पर पिछले साल भी जुर्माना लग चुका है। पिछले वर्ष खनन भंडारण करने वाले ओमप्रकाश पांडेय पर 1.68 लाख रुपये, लीला शर्मा पर 1.43 लाख, जोगा सिंह पर 2.24 लाख, जगदीश शर्मा पर 1.53 लाख और नरेश ढेक पर 2.94 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया था।