चंपावत। पहाड़ में गियर वाली साइकिल को लेकर कवायद शुरू हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद खेल विभाग साइकिल के सैंपल मंगा रहा है। यह साइकिलें यहां इस महीने के अंत तक पहुंच जाएंगीं। अगर सरकारी महकमों में यह प्रयोग सफल रहा, तो विभाग के अलावा शहर में भी साइकिलें नजर आएंगीं।
डीएम डॉ.अहमद इकबाल ने साइकिल के उपयोग को प्रेरित करने की पहल की है। इसके लिए निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें अधिकारियों से आवास से अपने कार्यालयों तक साइकिल से आवाजाही करने को कहा गया है। इस क्रम में अब गियर वाली साइकिल के नमूने मंगाए गए हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी आरएस धामी ने बताया कि गियर वाली दो साइकिलों को मंगाया जा रहा है। यह साइकिल एक सप्ताह के भीतर यहां पहुंच जाएगी।
जिलाधिकारी द्वारा अनुमोदित करने के बाद इन साइकिलों का उपयोग हो सकेगा। साथ ही अन्य विभागों को भी पहाड़ के अनुकूल साइकिलों को विभागीय बजट से मंगवाने को कहा जाएगा। साइकिल के उपयोग से यातायात व्यवस्था में सुधार, खर्च में कमी के अलावा पर्यावरण प्रदूषण में कमी और फिटनेस का लाभ हो सकेगा। अधिकारियों के बाद आम नागरिकों को भी साइकिल के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।