मां पूर्णागिरि धाम के ठुलीगाड़ प्रवेश द्वार स्थित यात्री विश्राम गृह में श्रद्घालुओं के कानून के प्रति जागरूक करते पीएलवी टीम।
- फोटो : अमर उजाला
पूर्णागिरि धाम में हर रोज करीब 12 हजार यात्री पहुंच रहे हैं। 15 जून को मेला संपन्न हो जाएगा। पूर्णागिरि मेला समापन को अब सिर्फ छह दिन शेष रह गए हैं। मेला समाप्त होने पर धाम क्षेत्र से पथ प्रकाश, चिकित्सा और सफाई जैसी ज्यादातर सरकारी सुविधाएं हटा ली जाएंगी। इसके बाद आने वाले यात्रियों के लिए मंदिर समिति अपने स्तर से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी। समिति के अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय का कहना है कि गत वर्षों की तरह इस बार भी मंदिर समिति मेला समापन के बाद श्रद्धालुओं को अपने स्तर से अधिक से अधिक सुविधाएं मुुहैया कराएगी।
भीषण गर्मी के बीच मेले के अंतिम दिनों में भी काफी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही का सिलसिला बना हुआ है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक डीएस दरियाल के मुताबिक ट्रेेनों से हर दिन करीब बारह हजार यात्री पहुंच रहे हैं। ट्रेनों के अलावा रोडवेज की बसों, निजी साधनों और देवी मां का डोला लेकर पैदल आने वाले भक्तों की संख्या भी कम नहीं है।
श्रद्धालुओं को दी कानून की जानकारी
टनकपुर (चंपावत)। न्याय विभाग के पीएलवी (पैरा लीगल वॉलियंटियर) टीम ने मां पूर्णागिरि धाम में दर्शन को आए श्रद्धालुओं को कानून के प्रति जागरूक किया। धाम के ठुलीगाड़ प्रवेश द्वार पर स्थित यात्री विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में पीएलवी अमित कुमार, नीतू देवी और पूजा शर्मा ने श्रद्धालुओं को श्रम, घरेलू हिंसा और नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए नशा विरोधी कानून के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर कानूनी पुस्तकों का भी वितरण किया गया।