चंपावत के एक बैंक के एटीएम में पैसा नहीं है की लगी तख्ती।
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत सहित जिले के अधिकांश बैंकों में नगदी की किल्लत जल्द दूर हो जाएगी। चंपावत की कैश चेस्ट को 100 करोड़ रुपये की रकम मिल चुकी है। अलबत्ता अभी इन नोटों को गिना जा रहा है। लीड बैंक अधिकारी अरुण चंद्र जोशी का कहना है कि सोमवार से नगदी का संकट दूर हो जाएगा। विभिन्न बैंकों को उनकी मांग के सापेक्ष नगदी मिलना शुरू हो जाएगा।
भारतीय स्टेट बैंक की चंपावत शाखा के मुख्य प्रबंधक एनके जोहरी ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के आगरा कार्यालय से 100 करोड़ रुपये की राशि मिल गई है। ये राशि लोकसभा चुनाव के दौरान आनी थी। मगर सुरक्षागत कारणों से धनराशि नहीं लाई जा सकी। और अब यह रकम भारी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच यहां पहुंच गई है।
आरबीआई से मिली इस रकम में दो हजार रुपये के नोट नहीं है। बताया गया कि ज्यादातर नोट 500 और उससे कम के हैं। इसके चलते इनकों गिनने में समय लग रहा है। कैश चेस्ट में धनराशि के मिलान के बाद इस रकम को विभिन्न बैंकों को दिया जाएगा।
शहर के सभी एटीएम खाली हुए
चंपावत। रविवार के दिन चंपावत के सभी 16 एटीएम खाली थे। शनिवार तक कैनरा बैंक के एटीएम से नगदी निकल रही थी। मगर रविवार को यह एटीएम भी जवाब दे गया। कई एटीएम मशीनों में कैश खत्म की तख्ती भी लगा दी गई है। किसी भी एटीएम में रकम नहीं होने से लोगों को भारी दुश्वारी झेलनी पड़ रही है। खासकर बृहस्पतिवार से रविवार के बीच बैंक सिर्फ एक दिन शुक्रवार को खुले। बृहस्पतिवार को कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के निधन पर बैंक बंद रहे। जबकि शनिवार और रविवार को बैंक का अवकाश था।