खेतीखान में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद क्षेत्रीय लोग घटना को लेकर चर्चा करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक की खेतीखान शाखा में शुक्रवार को हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस की पड़ताल जारी है। इस मामले में पुलिस द्वारा घटना स्थल के आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। अब तक पुलिस की ओर से 12 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक की खेतीखान शाखा में तैनात कैशियर ललित सिंह बिष्ट और चतुर्थ कर्मी राजेंद्र वर्मा की शुक्रवार की सुबह बैंक के गार्ड दिनेश सिंह बोहरा ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। आरोपी दिनेश सिंह बोहरा को शुक्रवार शाम को ही गिरफ्तार कर लिया था। मामले की जांच कर रहे लोहाघाट के थाना प्रभारी निरीक्षक बीएस बृजवाल का कहना है कि घटना को लेकर आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालने के साथ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घटना के संबंध में अभी तक 12 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। अभी कई और लोगों से भी पूछताछ की जानी है।
दूर नहीं हुई दहशत, नवरात्र के बावजूद सन्नाटा
दोहरे हत्याकांड से खेतीखान के लोगों में अभी भी दहशत बनी है। बाजार में अभी सन्नाटा पसरा हुआ है। रविवार को दुकानें खुलने के बाद भी बाजार में लोगों की आवक कम रही। लोग जगह-जगह पर घटना को लेकर चर्चा करने नजर आए। हालांकि पुलिस क्षेत्र में समय-समय पर गश्त कर रही है। इसके बाद भी लोगों के मन में बनी दहशत दूर नहीं हो पा रही है।