चंपावत। जिले में बद्री गायों के दूध को बढ़ावा देने के लिए अब गांव-गांव में जाकर बद्री गायों की गणना की जाएगी। इसके लिए दुग्ध संघ ने दो सदस्यों वाली चार टीमों का गठन कर दिया है।
दुग्ध संघ की ओर से नौ नवंबर से चंपावत बाजार में बद्री गाय का दूध बेचा जा रहा है। बाजार में बद्री गाय के दूध की बिक्री और मांग लगातार बढ़ रही है। इसको देखत हुए दुग्ध संघ ने गांव-गांव में बद्री गायों के चयन करने की कवायद तेज कर दी है। वर्तमान में चंपावत जिले में नरियाल गांव पशु प्रजनन केंद्र से बद्री गायों का दूध बाजार में मिल रहा है। दुग्ध संघ ने अब ग्रामीण क्षेत्रों से भी बद्री गायों का दूध बाजार में लाने का निर्णय लिया है।
इसके लिए टीमों के माध्यम से गांवों में पशुओं की गणना और बद्री गायों की अलग से गणना की जा रही है। उधर, चंपावत के दुग्ध संघ प्रबंधक राजेश मेहता का कहना है कि गांवों में पशुओं की गणना के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। पहले चरण में बरदाखान के 20 गांव में बद्री गायों का चयन किया जाएगा। बद्री गायों की संख्या अधिक होने पर कलेक्शन सेंटर खोलकर बद्री गायों के दूध को बाजार में बेचा जाएगा।