चंपावत। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संभावित अग्निकांडों से निपटने के लिए फायर हाईड्रेंट बनाने की कोशिश शुरू हो गई है। जल संस्थान की ओर से फायर हाईड्रेंट बनाने के लिए करीब तीन करोड़ की लागत का स्टीमेट तैयार किया जा रहा है।
इस स्टीमेट को अग्निशमन अधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद फायर हाईड्रेट बनाए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए 37 स्थानों का भी चयन कर लिया है। इसमें चंपावत में दस, लोहाघाट में नौ, टनकपुर में दस, पाटी में तीन तथा बाराकोट में चार जगह फायर हाईड्रेंट लगाए जाएंगे।
कभी भी अग्निकांड होने पर दमकल वाहनों को फायर हाईड्रेंट से पानी भरने की सुविधा मिलेगी। फायर हाईड्रेंट बनाने के लिए जल संस्थान की ओर से तीन किमी तक लाइन बिछाने का प्रस्ताव रखा गया है। फायर हाईड्रेंट तक मुख्य टैंक से तीन किमी की लाइन बिछाई जाएगी।
इन स्थानों में बनेंगे फायर हाईड्रेट
चंपावत में कोतवाली, एसबीआई, कलक्ट्रेट, भैरवां, जीआईसी चौक, टीआरसी, ब्लॉक कार्यालय के समीप और लोहाघाट में हथरंगिया चौराहा, पंचेश्वर तिराहे, पिथौरागढ़ मार्ग, मोटर स्टेशन, बंदीगृह, खड़ी बाजार, नैनीताल बैंक के समीप फायर हाईड्रेंट पाइंट लगाए जाएंगे।
कोट
जिले में फायर हाईड्रेंट पाइंट लगाने के लिए स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है। जिसके तहत 37 फायर हाईड्रेंट पाइंट बनाए जाएंगे। पाइंट में मुख्य टैंकों से पेयजल लाइन बिछाई जाएगी।.
-पवन बिष्ट, अपर सहायक अभियंता, जल संस्थान।