चंपावत। चंपावत जिला भेषज सहकारी संघ के अध्यक्ष सहित तीन पदों के लिए चुनाव बृहस्पतिवार को होंगे। भेषज संघ के चुनाव अधिकारी जीसी दुर्गापाल ने बताया कि नामांकन से लेकर मतदान की समूची प्रक्रिया एक ही दिन में निपट जाएगी। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रांतीय प्रतिनिधि के चुनाव में शासन द्वारा नामित एक सदस्य के अलावा छह निर्वाचित सदस्य मतदान में हिस्सा लेंगे। भाजपा और कांग्रेस ने संघ मेें कब्जा जमाने के लिए ताकत झोंकी है।
जिला सहकारिता निबंधक पीएस राणा ने बताया कि भेषज संघ में नौ वार्ड थे, लेकिन तीन वार्डों के गठन में आरक्षण का पालन नहीं होने से उन वार्डों को चुनाव लड़ने से अपात्र कर दिया गया था। इस कारण भेषज संघ में छह ही सदस्यों के लिए चुनाव हुए। इसके अलावा एक सदस्य हीरा सिंह को प्रदेश शासन ने नामित किया है।
भेषज संघ के पूर्व अध्यक्ष अशोक चौधरी और किशोर पांडेय के बीच मुकाबला होने की संभावना है। अब तक के समीकरणों के हिसाब से अशोक चौधरी का पलड़ा भारी है। वहीं श्री पांडेय के समर्थक भी बाजी को अपने पक्ष में करने के लिए जीतोड़ प्रयास कर रहे हैं।