चंपावत। गंगनौला में करंट की चपेट में आने से लाइनमैन की मौत के मामले की विभागीय जांच की रिपोर्ट पिथौरागढ़ के अधीक्षण अभियंता को सौंप दी गई है। मगर अभी रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया गया है। इस रिपोर्ट को आगे की कार्यवाही के लिए चंपावत डिवीजन के अधिशासी अभियंता को भेजा गया है।
अलबत्ता सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक लाइनमैन की मौत के मामले में लोहाघाट बिजली उप केंद्र में तैनात कर्मी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए नियम के मुताबिक कार्रवाई करने को कहा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर घटना के दौरान ड्यूटी पर तैनात सब स्टेशन कर्मी पर बिजली गिरना तय माना जा रहा है।
बिजली विभाग में ठेकेदारी से नियुक्त लाइनमैन राम सिंह 23 मई को शट डाउन लेकर गंगनौला क्षेत्र की बिजली की खामी को ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। काम के दौरान अचानक बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई और वह करंट की चपेट में आकर पोल से नीचे गिर गया। झुलसने व गिरने से लाइनमैन बुरी तरह चोटिल हो गया। लोहाघाट अस्पताल के बाद हायर सेंटर ले जाते वक्त रास्ते में लाइनमैन की मौत हो गई थी।
पावर कारपोरेशन पिथौरागढ़ के अधीक्षण अभियंता तरुण कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारचूला के अधिशासी अभियंता अमित कटारिया के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम (पिथौरागढ़ के उपखंड अधिकारी वीके बिष्ट और लोहाघाट के एसडीओ विकास भारती) का गठन किया। अधीक्षण अभियंता तरुण कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त हो गई है। रिपोर्ट को जांच के निष्कर्ष के आधार पर कार्रवाई करने के लिए चंपावत के अधिशासी अभियंता को भेजी गई है। अलबत्ता यह रिपोर्ट अभी चंपावत नहीं पहुंची है।
24 मई से छुट्टी में है एसएसओ देवेंद्र प्रसाद
लोहाघाट सब स्टेशन में 23 मई को घटना के वक्त तैनात सब स्टेशन ऑपरेटर (एसएसओ) देवेंद्र प्रसाद अगले दिन यानी 24 मई से ड्यूटी पर नहीं आया है। बिजली विभाग के मुताबिक ड्यूटी पर नहीं आने वाले इस कर्मी को मानदेय नहीं दिया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।