पिथौरागढ़/चंपावत। प्रदेश के सभी कार्मिकों को केंद्र के समान भत्ते देने की मांग को लेकर अधिकारी-कर्मचारी समन्वय मंच से जुड़े कर्मचारियों ने पिथौरागढ़ और चंपावत जिले में कार्य बहिष्कार कर धरना दिया।
बुधवार को सात सूत्री मांगों को लेकर समन्वय मंच से जुड़े कर्मचारियों ने पिथौरागढ़ कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। मंच की ओर से सभी कार्मिकों को केंद्र के समान सभी भत्ते अनुमन्य करने, सेवाकाल में न्यूनतम तीन पदोन्नतियां प्रदान करने, केंद्र सरकार की तर्ज पर यू हेल्थ कार्ड की सुविधा देने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, कर्मचारी विरोधी निर्णयों को लागू नहीं करने की मांग उठाई। विकास भवन के कर्मचारियों ने मुख्य द्वार पर ही धरना शुरू कर दिया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक रुख नहीं अपनाया तो वह उग्र आंदोलन को विवश होंगे। मुख्य द्वार पर कर्मचारियों के धरने में बैठ जाने से विकास भवन के अंदर जरूरी कार्य से जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस मौके पर एमसी जोशी, चंद्रशेखर भट्ट, केएस अधिकारी, प्रकाश चंद्र जोशी, पीएस डीनिया, कैलाश पुनेठा, आरएस खनका, प्रताप सिंह, एमसी पंत, एमपीएस डोभाल, एमएल वर्मा, विजेंद्र लुंठी समेत दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।