टनकपुर (चंपावत)। मां श्री पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम लगातार बना है। अब देवी मां का डोला लेकर श्रद्धालुओं की टोलियां आने लगी हैं। मंगलवार को पीलीभीत के बरखेड़ा से देवी मां के डोले के साथ पैदल चलकर श्रद्धालुओं की टोली तीसरे दिन मां के दरबार पहुंची। वहीं, प्रशासन नवरात्रों की तैयारियों में जुट गया है।
पीलीभीत जिले के बरखेड़ा से पूर्णागिरि का डोला लेकर पैदल चली श्रद्धालुओं की टोली में पुरुषों के अलावा महिलाएं और बच्चे भी हैं। टोली में शामिल मनोज ने बताया कि उनकी टोली 11 मार्च को पूर्णागिरि दर्शन के लिए रवाना हुई थी, जो पैदल सफर तय कर तीन दिन बाद यहां पहुंची है। बताया कि वह हर साल देवी का डोला लेकर पैदल आते हैं।
इधर, प्रशासन ने 18 मार्च से शुरू हो रहे नवरात्र की तैयारियां शुरू कर दी है। मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अनिल चन्याल ने बताया कि नवरात्र से पूर्व व्यवस्थाओं से जुड़े विभागों की बैठक आयोजित की व्यवस्थाओं का निर्धारण किया जाएगा।
नहीं पहुंची बाहरी जिले से तैराक पुलिस की टीम
पूर्णागिरि मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए बाहरी जिलों से सामान्य फोर्स तो यहां पहुंच चुका है, लेकिन तैराक पुलिस की टीम अब तक नहीं पहुंची है, इससे शारदा में स्नान के वक्त श्रद्धालुओं की सुरक्षा लचर बनी है।
मेले के लिए बूम, शारदा स्नानघाट एवं बनबसा स्नानघाट में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बाहरी जिले से पीएसी और पुलिस के तैराकों की टीम मंगाई गई थी, लेकिन इस बार बाहर से तैराक दल अब तक नहीं पहुंच पाया है। तीनों स्नानघाटों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जिम्मा पुलिस के आधा दर्जन तैराकों के भरोसे हैं।