लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट विकासखंड के बुंगा फर्त्याल गांव में एक महिला के गैस सिलिंडर में आग लग गई। लोगों की सूझबूझ से आग पर काबू पा लिया गया, जिसके चलते कोई नुकसान नहीं हुआ।
शुक्रवार को बुंगाफर्त्याल निवासी विमला देवी पत्नी सुंदर सिंह रसोई गैस में खाना बना रही थी, इसी दौरान गैस सिलिंडर में रिसाव होने से आग लग गई। इससे दहशत में आई विमला देवी ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने सिलिंडर में आग लगने की सूचना लोहाघाट के फायर स्टेशन को दी। साथ ही उन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
अग्निशमन कर्मियों के पहुंचने तक आग पर काबू पा लिया था। फायरब्रिगेड के प्रभारी मोहन सिंह थापा, धर्मेंद्र लाल, भूपेंद्र सिंह, वासुदेव आदि ने आग बुझाने वालों की सराहना की। बताया कि गैस सिलिंडर में रिसाव के कारण आग लगने पर घबराना नहीं चाहिए। इस वक्त कंबल या बोरे को पानी में अच्छी तरह से भिगोकर सिलिंडर के चारों ओर लपेट देने से आग स्वयं ही बुझ जाती है।