लोहाघाट (चंपावत)। रामलीला मैदान में उद्यान विभाग, प्रशासन और व्यापार संघ की पहल पर लगने वाले साप्ताहिक किसान हाट में हरी ताजी सब्जियों की भरमार रही। रायनगर चौड़ी की से आई फूल गोभी छायी रही। लोगों ने अन्य सब्जियों की भी जमकर खरीदारी की।
रविवार को सहायक विकास अधिकारी (उद्यान) भूपेंद्र प्रकाश जोशी के निर्देशन में लगे किसान हाट में रायनगर चौड़ी के काश्तकार महेश राय द्वारा लाई गई फूल गोभी आकर्षण का केंद्र रही। जैविक विधि से उगाई गई तीन किलो वजन की फूल गोभी लोगों को आकर्षित कर रही थी। किसान हाट में रायनगर चौड़ी, फोर्ती, कोलीढेक, खैसकांडे, पऊ आदि गांवों से हीरा देवी, मोनू, सागर, निक्कू, सावित्री, उर्वादत्त, कलावती, सुरेश चंद्र, विमला, पार्वती, गणेशदत्त, मनोहर सिंह आदि काश्तकार राई, पालक, मैथी, मूली, लौकी, धनियां, हरी मिर्च आदि लेकर आए हुए थे।