बनबसा (चंपावत)। चार माह का लंबित भुगतान, नए नियमों के तहत भुगतान और साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर बीएसएनएल के संविदा कर्मियों ने मंगलवार से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय संचार राज्यमंत्री, श्रम मंत्री समेत महाप्रबंधक और विधायक को ज्ञापन भी दिए हैं।
बीएसएनएल के टनकपुर, बनबसा, खटीमा, सितारगंज और किच्छा के करीब बीस संविदा कर्मियों ने दिसंबर 2016 से मार्च 2017 तक का भुगतान, ईपीएफ का भुगतान न करने पर कार्य बहिष्कार शुरू किया है। बीते दिवस कर्मियों के प्रतिनिधियों ने दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में बीएसएनएल के महाप्रबंधक को संबोधित ज्ञापन खटीमा स्थित दूरसंचार के अवर अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में लिखा है कि बीएसएनएल से अनुबंधित मथुरा की लक्ष्मी इंटरप्राइजेज ने पिछले वर्ष दिसंबर से इस वर्ष मार्च तक उनके वेतन और ईपीएफ का भुगतान नहीं किया है। पूछने पर लक्ष्मी इंटरप्राइजेज द्वारा बीएसएनएल द्वारा उन्हें भुगतान न किया जाना बताया जा रहा है। इसके अलावा केंद्रीय संचार राज्यमंत्री, श्रममंत्री और विधायक कैलाश गहतोड़ी को दिए ज्ञापन में उन्होंने नए नियमों के तहत 10500 (रुपये 350 प्रतिदिन) रुपये प्रतिमाह का भुगतान करने, साप्ताहिक अवकाश देने, ईपीएफ और पिछले चार माह का भुगतान दिलाने की मांग की है।