लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट विकासखंड के 12 गांव चार दिन से अंधेरे में हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से सबसे अधिक दिक्कतें बोर्ड परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को हो रही हैं। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को सुचारू नहीं करने पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीण दीपक तिवारी, हरीश राम, संजय जोशी, बलदेव राम, श्याम सिंह, प्रताप राम, निर्मल सिंह, हीरा बल्लभ तिवारी, हरिदत्त, बबलू जोशी, कुंवर राम, जोत राम, जीत राम आदि ने बताया कि सोमवार से नौमाना, अतखंडी, सेरी, डोबाभागू, तड़ीगांव, रावलगांव, बैड़ाओड़, सिमलटुकरा, पड़ासोंसेरा, देवलीमाफी, डुंगराओड़, बमेड़ा बेरीटाक आदि में बिजली आपूर्ति ठप है।
बिजली नहीं होने से ग्रामीणों के मोबाइल भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बाद भी बिजली व्यवस्था सुचारु नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों ने व्यवस्था बहाल नहीं होने पर विद्युत कार्यालय के घेराव करने की चेतावनी दी है। इधर ऊर्जा निगम के कनिष्ठ अभियंता अशोक कुंवर का कहना है कि खामी को दूर कर जल्द ही आपूर्ति सुचारु की जाएगी।