पाटी (चंपावत)। जिला निर्वाचन विभाग की ओर से विकासखंड के राजकीय इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मतदाताओं को वीवीपैट मशीन के बारे में बताया।
जीआईसी में जिला निर्वाचन नोडल अधिकारी जीवन कलौनी ने मतदाताओं को बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों में प्रत्येक बूथ पर इस बार ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन प्रयोग में लाई जाएगी । इस मशीन की खूबी यह रहेगी कि मतदाता वोट देने के बाद 7 सेकेंड तक जिस प्रत्याशी को उसने वोट दिया है उसका नाम तथा पार्टी का चुनाव चिन्ह देख सकेगा। इससे मतदाता को पूर्ण रूप से अपना मत सुनिश्चित हो जाएगा कि उसका मतदान उसी व्यक्ति को हुआ है जिसको उसने वोट दिया है। मतदाता क्रमांक तथा उम्मीदवार का नाम अंग्रेजी और हिंदी दो भाषाओं में दिखाई देगा। 7 सेंकंड के बाद स्वत: ही वह हट जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अभियान जनवरी के अंत तक प्रत्येक बूथों में चलाया जायेगा। इस दौरान विधायक पूरन फर्त्याल ने मशीन का प्रयोग कर इसकी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वीवीपैट मशीन लगने से कोई भी मतदाता अपने चहेते प्रत्याशी को दिए गए मत की जानकारी लेकर संतुष्टि कर सकता है। इस मौके पर विनोद, कैलाश जोशी, पूरन सिह, सुरेश भट्ट, एएस उनियाल, दिनेश जोशी, पीके रिछारिया, प्रमोद चंद्र, राजेंद्र कुमार, दीपक कलौनी, विनोद जोशी आदि मौजूद रहे।