बनबसा (चंपावत)। केवि क्रमांक दो में न्यूनतम साझा कार्यक्रम के तहत संकुल स्तरीय सांस्कृतिक समागम का आयोजन किया गया। इसमें केवि क्रमांक एक और दो के प्राथमिक स्तर के छात्र-छात्राओं ने बढ़चढ़ कर प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एनएचपीसी स्थित महिला कल्याण समिति अध्यक्ष मुनीफा खातून ने दीप जलाकर किया।
एनएचपीसी स्थित केवि क्रमांक दो में प्राचार्या रंजना बरफाल की अध्यक्षता और शिक्षक दीपक सिंह परिहार के संचालन में प्राथमिक स्तर के संकुल स्तरीय सांस्कृतिक समागम का आयोजन हुआ। कार्यक्रमों में मैमोरी गेम (स्मृति क्रीड़ा), हिंदी और अंग्रेजी कविता पाठ, चित्रकला प्रतियोगिताएं हुई। इसके अलावा स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए। शिक्षिका प्रियंका जोशी के निर्देशन में छात्र प्रशांत ने योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया।
बनबसा कैनाल कॉलोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। हिंदी काव्यपाठ में मेघा, मानव बिष्ट, दृष्टि, मैमोरी गेम में वंश राणा, मयंक कुमार, सक्षम और पायल, कला में जीतेश गुप्ता, आरुष पुष्कर, अंकुर पहले तीन स्थानों पर रहे। मंच सज्जा श्वेता भाल ने किया। शिक्षक सचिन सिंह राणा, कुमकुम मिश्रा, एचवी मिश्रा, बीके पुष्कर, स्वटी गोयल, केवि क्रमांक एक की शेफाली, आरएल शर्मा आदि ने सहयोग दिया।